वजीरगंज (बदायूं)। कस्बे के खिन्नी मोहल्ले में मंगलवार रात बड़ा हादसा हो गया। खाना बनाने के दौरान एक मकान की दूसरी मंजिल पर सिलिंडर में आग लग गई, जिससे सिलिंडर तेज धमाके के साथ फट गया। गनीमत रही कि उससे पहले सभी लोग बाहर निकल आए।
हादसा मंगलवार रात नौ बजे हुआ। उस वक्त खिन्नी मोहल्ला निवासी महेश आढ़ती के मकान में दूसरी मंजिल पर किराये पर रह रही मधु पत्नी योगेश गैस पर खाना बना रही थी। बताते हैं कि मधु किराये पर रहकर ब्यूटी पॉर्लर चलाती है। कमरे में ब्यूटी पॉर्लर का काफी सामान भी रखा हुआ था। खाना बनाने के दौरान अचानक सिलिंडर में आग लग गई, जिससे मधु और उसका पति तुरंत बाहर निकल आए। मकान मालिक का परिवार भी हादसा देखकर बाहर आ गया। उन्होंने तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी। इसकी सूचना पर मोहल्ले के तमाम लोग आ गए। उन्होंने खुद ही आग बुझाने की कोशिश की। तभी सिलिंडर तेज धमाके के साथ फट गया। उससे ऊपर मंजिल पर आग फैल गई। रात दस बजे तक मोहल्ले के लोग आग बुझाने की कोशिश करते रहे लेकिन तब तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका और न ही मौके पर अग्निशमन की गाड़ी पहुंची।