बदायूं। सीजीएसटी का 4.82 करोड़ रुपये का नोटिस मिलने के बाद रामबाबू ने एसएसपी से शिकायत की। एसएसपी के निर्देश पर साइबर थाना प्रभारी ने जांच शुरू कर दी है। दूसरी ओर सीजीएसटी के अधिकारी ने रामबाबू के नाम से फर्जी तरीके से खोले गए खाते को फ्रीज करवा दिया है।
मेडिकल स्टोर पर काम करने वाले सेल्समैन को 4.82 करोड़ रुपये का सीजीएसटी नोटिस 14 जुलाई को मिला था। उसके बाद से परिवार के लोग परेशान हो गए। रामबाबू ने शनिवार को एसएसपी डाॅ. बृजेश कुमार सिंह से शिकायत की। उन्होंने साइबर थाना प्रभारी विनोद वर्धन को जांच के निर्देश दिए। रामबाबू ने बताया कि वह करीब एक साल पहले मोबाइल पर जॉब सर्च कर रहे थे। तभी एक युवती का फोन आया और उसने नौकरी दिलाने का झांसा देकर आधार कार्ड व पैन कार्ड ले लिया। उसके आधार पर उसने खाता खुलवाकर सालभर में 27 करोड़ रुपये का स्क्रैप का ऑनलाइन व्यापार किया। इसके बाद रिटर्न दाखिल नहीं किया तो सीजीएसटी की ओर से 4.82 करोड़ रुपये का नोटिस जारी कर दिया गया। इस मामले की जांच कर रहे सीजीएसटी के अधिकारियों ने रामबाबू के नाम से खुले खाते को फ्रीज करा दिया है।
- शिकायती पत्र मिलने के बाद साइबर थाने की पुलिस को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। ऐसे ठगों का पर्दाफाश होना आवश्यक है, जिससे अन्य कोई व्यक्ति ठगी का शिकार न हाे सके। - डॉ. बृजेश कुमार सिंह,एसएसपी