ओरछी (बदायूं)। एक ओर सरकार प्रदूषण रोकने के तमाम प्रयास कर रही है। पराली जलाने पर एफआईआर दर्ज करा रही है। वहीं फैजगंज बेहटा इलाके में हरे पेड़ों का बाग काट दिया गया। उनकी जड़ें निकालकर खेत जुतवा दिया गया लेकिन पुलिस व वन विभाग के अधिकारियों को इसकी भनक तक नहीं लगी।
फैजगंज बेहटा क्षेत्र में कोल्ड स्टोर के नजदीक कटहल के पेड़ों का बाग था। स्थानीय लोगों के मुताबिक शनिवार से इस बाग को काटने का काम चला रहा है। रात में इस बाग का एक-एक पेड़ा काटकर गायब कर दिया गया। यहां तक की काटे गए पेड़ों की जड़ें तक निकाल ली गईं। बताते हैं कि जिस व्यक्ति ने बाग कटवाया है। वह लकड़ी कटवाने का काम करता है, लेकिन बाग को कटवाने का उसके पास परमिट भी नहीं था। इसके बावजूद पेड़ काट दिए गए। उस जगह पर पेड़ की एक भी टहनी तक नहीं छोड़ी गई है। सुबह वहां से पेड़ों की जड़ें निकलवाकर खेत की तरह जुतवा दिया गया, लेकिन स्थानीय पुलिस और वन विभाग को इसकी जानकारी तक नहीं हुई। कुछ लोग चर्चा कर रहे हैं कि विभागीय अधिकारियों को इसकी जानकारी थी लेकिन आर्थिक साठगांठ की वजह से कोई इधर झांकने तक नहीं आया।