रामश्री देवी मेमोरियल भानुप्रकाश सिंह कन्या इंटर कॉलेज के वार्षिकोत्सव में छात्र/छात्राओं ने मनमोहक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। मुख्य अतिथि एसडीएम गुलाबचंद्र ने कहा कि शिक्षा के मंदिरों में ही देश का भविष्य बनता है।
गांव परसिया में स्थित कन्या इंटर कॉलेज में आयोजित वार्षिकोत्सव का शुभारंभ मां शारदे की वंदना से हुआ। इसके बाद मुख्य अतिथि एसडीएम गुलाबचंद्र, विद्यालय के संस्थापक और प्रबंधक भानुप्रकाश सिंह चौहान, दुर्गम सिंह यादव, दीपक चौहान ने मां शारदा के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित किया। समारोह में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए एसडीएम ने कहा कि शिक्षित कन्या दो परिवारों को संभालती है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा की अलख जगाने पर श्री चौहान के प्रयासों को सराहा। कहा शिक्षा से आज और भविष्य संवरता है। संस्थापक श्री चौहान ने विद्यालय की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने क्षेत्र के मिल रहे सहयोग के लिए क्षेत्रवासियों के सहयोग के लिए आभार जताया। जिला सहकारी बैंक के पूर्व प्रबंधक दुर्गम सिंह यादव ने कहा कि कन्याओं को शिक्षित करना सबसे बड़ी बात है। सरकार भी कन्या शिक्षा को लेकर गंभीर है। प्रधानाचार्य डॉ. दीपक चौहान ने आगंतुकों का आभार जताया। इससे पूर्व छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्त्रस्म प्रस्तुत किए। सामाजिक कुरीतियों के विरोध में लघु नाटिक दिखाए। छात्रा पिंकी, कविता, पूजा, संध्या, शिखा, शिवानी, सुनीता आदि के कार्यक्रम की सभी ने प्रशंसा की। इसके साथ ही एसडीएम गुलाबंचद्र ने होनहार छात्र और छात्राओं को पुरस्कृत किया। समारोह में रमेश शर्मा, आसमोहम्मद, धीरेंद्र भट्ट, विपिन पाठक आदि मौजूद रहे। संचालन प्रधानाचार्य डॉ. दीपक चौहान ने किया।