बदायूं। शहर निवासी फिल्म निर्देशक सौरभ त्यागी के निर्देशन में शहर में ही काफी हद तक शूट हुई फिल्म क्या मेरी सोनम गुप्ता बेवफा है इस शुक्रवार को ओटीटी प्लेटफार्म पर रिलीज हो चुकी है। शनिवार रात कलाकारों एवं सहयोगियों ने बदायूं क्लब में स्थानीय लोगों के साथ बैठकर फिल्म देखी।
भाजपा जिलाध्यक्ष रहे अशोक भारती के बेटे सौरभ त्यागी के निर्देशन में बनी फिल्म क्या मेरी सोनम गुप्ता वेबफा है...ओटीटी प्लेटफार्म पर धूम मचा रही है। लगभग ढाई महीने बदायूं में ही फिल्म के अधिकांश हिस्से को फिल्माया गया था। जामा मस्जिद, गुरुकुल, सूर्यकुंड, बड़े सरकार, घंटाघर, बदायूं क्लब, आर्यसमाज चौक, पटियाली सराय, रामलीला मंच, उझानी, प्रोफेसर कॉलोनी, नई सराय, चूना मंडी, हरसहायमल श्यामलाल फर्म आदि स्थानों पर शूट किया गया। फिल्म में बदायूं के कलाकारों के साथ-साथ बहुत से परिचित लोग दिखाई दे रहे हैं। इसे देखने को लोग उत्सुक हैं। फिल्म के मुख्य कलाकार अभिनेता जस्सी गिल एवं अभिनेत्री सुरभि के साथ-साथ थिएटर के मंझे हुए कलाकार विजय राज, अतुल श्रीवास्तव, सुरेखा सीकरी का रोल बहुत अहम है। सभी ने अपनी भूमिका को शानदार तरीके से निभाया है। फिल्म के गाने भी चर्चा में हैं।
शनिवार रात बदायूं क्लब के सभागार में फिल्म देखी गई। यहां उसहैत नगर पंचायत की चेयरमैन सैनरा वैश्य, पूर्व चेयरमैन गौरव गुप्ता, क्लब के सचिव डॉ. अक्षत अशेष, अनूप रस्तोगी, दीपक सक्सेना, रविंद्र मोहन सक्सेना, मनीष सिंघल, कुलदीप रस्तोगी, संजय रस्तोगी, क्षितिज शंखधार, डॉ. सचिन गुप्ता, रिचा अशेष सहित फिल्म में काम करने वाले कलाकार प्रशांत गुप्ता, आसिम पेंटर, नंदकिशोर, इजहार अहमद, राजीव भारती, राजीव कश्यप, अनुराग कश्यप, राहुल सक्सेना व सुशील शर्मा आदि उपस्थित रहे।