बदायूं। उझानी रोड स्थित टिथोनस इंटरनेशनल स्कूल में श्री गुरुनानक देव का 550 वां जन्मोत्सव बड़ी धूमधाम एवं हर्षोल्लास से मनाया गया। कार्यक्रम की विशेष प्रार्थना सभा में बच्चों ने मनमोहक पंजाबी लोकनृत्य प्रस्तुत किया। विद्यालय की प्राइमरी एवं प्री प्राइमरी विंग के बच्चों ने प्रभात फेरी का आयोजन किया।
कार्यक्रम में प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी मंजीत सिंह ने हरी झंडी दिखाकर एवं पंज प्यारों को पुष्प माला पहनाकर प्रभात फेरी का शुभारंभ किया। इस दौरान मंजीत सिंह ने कहा कि गुरुनानक देव का संपूर्ण जीवन ही एक शिक्षा है। उनके उपदेशों का पालन करके प्रत्येक मनुष्य लोभ, मोह, अहंकार एवं समस्त बुराइयों से स्वयं को दूर कर सकता है। विद्यालय की उपाध्यक्ष मधु अग्रवाल ने कहा कि संतों का जीवन प्रत्येक युग में अनुकरणीय ही होता है। गुरु महाराज की शिक्षाएं प्रत्येक बच्चे को अपने जीवन में उतारकर समाज से बुराइयों को दूर करने का संकल्प लेना चाहिए। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध शरद बंसल, प्रधानाचार्य डॉ श्यामेश, पूजा सक्सेना, करिश्मा बब्बर, ज्योति गुलाटी, पूजा कोचर, अनु अग्रवाल, प्रगति शर्मा, आकांक्षा अग्रवाल आदि मौजूद थे।