बदायूं। रेत की चादर पर तंबुओं का शहर बसाने का काम तेजी से किया जा रहा है। मेला स्थल पर छोटे वाहन आसानी से पहुंचे सकें, इसके लिए कच्चे रास्ते चौड़े करके बनाए जा रहा हैं। मेले की तैयारियों का जायजा लेने के लिए गुरुवार को डीएम, एसएसपी अन्य अधिकारियों के साथ पहुंचे। उन्होंने वहां पर हर चीज को बारीकी से देखा, साथ ही एएमए को निर्देशित किया कि वह सभी काम बेहतर तरीके से समय अवधि के अंदर करें।
जिला मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर दूरी पर मेला ककोड़ा लगता है। रेत की चादर पर लगने वाले इस मेले में प्रदेश के अलावा उत्तराखंड, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, मध्यप्रदेश आदि के दुकानदार और श्रद्धालु बड़ी संख्या में आते हैं। पांच नवंबर से शुरू होने वाला ये मेला 19 नवंबर तक चलेगा। इसका उद्घाटन 11 नवंबर को होगा। इसकी तैयारियों का जायजा लेने के लिए गुरुवार को डीएम, एसएसपी मेला ककोड़ा स्थल पर पहुंचे। उन्होंने वहां पर चल रही तैयारियों का निरीक्षण किया, साथ ही मेले से संबधित जानकारी ली। डीएम ने एएमए सीपी सिंह राघव को निर्देश दिए कि मेले के मार्गों का निर्माण इस तरीके से कराया जाए कि मेले में आने जाने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की कोई समस्या न होने पाए। डीएम ने डीपीआरओ को निर्देश दिए कि साफ-सफाई के लिए पर्याप्त सफाई कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाए। मेले और आसपास कहीं पर गंदगी नहीं होनी चाहिए। सफाई कर्मी लगातार सक्रिय होकर अपना कार्य करते रहें। कहा कि मेले में पॉलिथिन, प्लास्टिक एवं थर्माकोल पर प्रतिबंध रहेगा। डीएम ने कहा कि मेला ककोड़ा में कछला की तरह नियमित गंगा आरती कराई जाए। इसके लिए तिरंगा समिति के सदस्यों को निर्देश दिए है। इस मौके पर सीडीओ निशा अनंत, एसपी सिटी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, एडीएम आरएन शर्मा, एसडीए सदर पारसनाथ मौजूद रहे।