बदायूं। बदायूं क्लब की ओर से क्लब प्रांगण में दिवाली उत्सव का भव्य आयोजन हुआ, जिसमें दिल्ली से आए कलाकारों द्वारा लोकलुभावनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को ताली बजाने पर मजबूर कर दिया। देर रात तक चले कार्यक्रम में अंत तक लोग मंत्रमुग्ध होकर उनकी प्रस्तुति को देखते रहे। इस मौके पर सदस्यों के लिए विभिन्न रंगारंग एवं मनोरंजक खेल, सरप्राइज गेम्स आदि रोचक कार्यक्रम भी हुए।
क्लब कार्यकारिणी की पहल पर इस बार कार्यक्रम का उद्घाटन बाबा कॉलोनी स्थित वृद्धाश्रम के बुजुर्ग सदस्यों श्यामलाल, राजू जेम्स, मनोहर लाल, गंगासिंह, मीना व रामदेवी रस्तोगी द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। मुख्य अतिथि डीएम कुमार प्रशांत, कार्यक्रम अध्यक्ष एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी, एवं विशिष्ट अतिथि सीडीओ निशा अनंत ने वृद्धाश्रम के बुजुर्ग सदस्यों को माला पहनाकर एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद दिल्ली के कलाकारों विक्की सुनेजा एंड ग्रुप द्वारा गणेश वंदना प्रस्तुत की गई। कलाकारों द्वारा रास, बृज की होली आदि विभिन्न प्रस्तुति भी दी गईं, जिन्होंने अतिथियों एवं दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। डीएम ने सभी को बधाई देते हुए प्रदूषण मुक्त दिवाली मनाने का आह्वान किया। अंत में सचिव डॉ. अक्षत अशेष ने सभी का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर डॉ. एसके गुप्ता, सूर्यप्रकाश वैश्य, ज्योति मेंहदीरत्ता, संजय चौधरी, केएल गुप्ता आदि मौजूद रहे।