उझानी (बदायूं)। हनुमान गढ़ी मंदिर में चल रहे हरे रामा-हरे कृष्णा महामंत्र के जाप का गुरुवार को समापन हो गया। अंतिम दिन यज्ञ में पूर्णाहुति के समय कार्यक्रम स्थल जयकारों से गूूंज उठा। आयोजन समिति ने विशेष सहयोग के लिए प्रमुख व्यक्तियों को सम्मानित किया। भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद पाया।
हनुमान गढ़ी मंदिर परिसर में नौ दिवसीय हरे रामा-हरे कृष्णा जाप के अंतिम दिन सबसे पहले यज्ञ कराया गया। यज्ञ में आयोजक मंडल के सदस्यों में अवधेश गोयल, गिरीश बाबू वार्ष्णेय, कौशल किशोर मूदड़ा, राममोहन शर्मा, गोपाल शर्मा, अमित अग्रवाल, अमित मित्तल और महेंद्र सक्सेना ने पूर्णाहुति दी। राधा कृष्ण के भजनों पर महिलाएं थिरक उठीं। साथ ही मंदिर परिसर में जुटे भक्तों ने संकीर्तन के बाद देव प्रतिमाओं की परिक्रमा की। आयोजकों ने नौ दिन तक चले कार्यक्रम में विशेष सहयोग के लिए महिलाओं समेत प्रमुख व्यक्तियों को सम्मानित किया। इस मौके पर पूर्वमंत्री विमलकृष्ण अग्रवाल, पालिकाध्यक्ष पूनम अग्रवाल विष्णुु भगवान अग्रवाल, जयपाल थरेजा, डॉ. संजीव गुप्ता, अश्वनी गोयल, विजय वार्ष्णेय, शिवकिशोर माहेश्वरी, संकेत शर्मा और सुरेश गोयल आदि मौजूद थे।