बेटी ने सगे चचेरे व तहेरे भाई पर दर्ज कराई रिपोर्ट
मृतका की बेटी राधा ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया है कि हत्या किसी गैर ने नहीं बल्कि उसके चचेरे भाई शिवम, हिमांशु पुत्र सुनील गुप्ता व तहेरे भाई पूर्व प्रधान अनिल गुप्ता पुत्र मुरारी लाल गुप्ता ने की है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर हिमांशु व सुनील को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
यह बताई है हत्या करने वजह
रामौतार के चार बेटियां हैं और उनकी शादी हो गई है। बेटा नहीं है। कुछ समय पहले उन्होंने अपनी जमीन करीब 27 लाख रुपये की बेची थी। दो बेटियों को उन्होंने सात-सात लाख रुपये दे दिए थे। इससे पहले दो बेटियों को भी सात-सात लाख दिए थे। राधा ने बताया कि घर पर करीब 20 लाख रुपये की नकदी व सोने-चांदी के अभूषण भी रखे थे। यह सब बात चचेरे-तहेरे भाई को पता थी। कुछ दिनों से भाई रुपये की मांग कर रहे थे। वह कह रहे थे भतीजे होने के नाते उनका भी कुछ हक है।
सभी रुपये व माल जेवर बेटियों को ही दे रहे हो। उन्होंने रुपये व मामल जेवर देने से मना कर दिया था। यही वजह रही कि घर पर अकेली देख मौका पाकर भाई घर में घुस आए और रस्सी से गला घोटकर हत्या कर दी। घर में रखी नकदी व जेवर लूटकर ले गए। किसी को शक न हो इससे भाई सुबह से ही साथ में रहकर तमाम कहानी बता रहे थे।
9.30 बजे ताई से मिलने आया था हिमांशु
आरोपी हिमांशु ने पुलिस को बताया कि रात नौ बजे ताई घर आईं थीं। करीब 9.30 बजे वह पानी लेने के लिए ताई के घर आया था। कुछ देर बात करने के बाद ताई कमरे में चली गई और वह अपने घर जाकर सो गया। इसके बाद उसे नहीं पता कि ताई की हत्या किस समय कौन करके चला गया।
पुलिस की सीडीआर से खुलेगा हत्या का राज
पुलिस ने भले ही शिकायती पत्र के आधार पर चचेरे-तहेरे भाइयों पर हत्या व लूट की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। लेकिन पुलिस अभी भी जांच में जुटी है। सच्चाई उजागर करने के लिए नामजदों से पूछताछ व मोबाइल फोन का सीडीआर भी निकलवा रही है। मोबाइल फोन की सीडीआर ही घटना के खुलासे में अहम भूमिका निभा सकती है। इसके अलावा आस पास इलाके के सीसीटीवी फुटेज भी चेक किए जा रहे हैं।
एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि यह तो साफ हो गया है कि रुपये व जेवर की जानकारी हत्यारों को थी। इससे साफ है कि करीबियों ने घटना को अंजाम दिया है। बेटी के शिकायती पत्र पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घटना की कड़ी से कड़ी जोड़ने का काम जांच टीम कर रही है। नामजदों से पूछताछ की जा रही है। जो भी घटना में शामिल होगा उसी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जांच के बाद जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।