बिल्सी रोड पर काशीराम कॉलोनी के पास बुधवार रात हादसा
घायल युवक की हालत गंभीर, पुलिस ने कब्जे में लिया रोलर
दावत खाकर घर लौट रहे बाइक सवार दो युवकों को रोड रोलर ने चपेट में ले लिया। बाइक सवारों में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल दूसरे युवक को बरेली के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने रोड रोलर को कब्जे में ले लिया है।
हादसा बुधवार रात करीब 11 बजे बिल्सी रोड पर काशीराम कॉलोनी के पास हुआ। कोतवाली क्षेत्र के गांव संजरपुर निवासी पप्पू (35) पुत्र नरायन सिंह बाइक से गांव के ही मोनू (26) पुत्र धनपाल के साथ दावत खाने गया था। लौटते समय देर रात बिल्सी की ओर से लौट रहे रोड रोलर ने बाइक सवार दोनों युवकों को चपेट में ले लिया। रोलर का पहिया बाइक पर होकर उतर गया। बाइक सवार पप्पू की मौके पर ही मौत हो गई। घायलावस्था में मोनू सड़क पर पड़ा तड़पता रहा। चालक रोलर को मौके पर ही छोड़ कर भाग गया। किसी राहगीर की दोनों पर नजर पड़ी तो उसने पुलिस को कॉल कर बुला लिया। घायल मोनू ने मृतक समेत अपना नाम-पता बता दिया। घरवाले भी रात में अस्पताल आ गए।
मृतक के घरवालों में राजेंद्र सिंह ने बताया कि जहां हादसा हुआ है, वहां रोड रोलर विपरीत दिशा में खड़ा मिला। पुलिस ने रोड रोलर को कब्जे में ले लिया है। घायल मोनू की हालत गंभीर देख घरवाले सबसे पहले जिला अस्पताल पहुंचे। सुधार नहीं होने पर उन्होंने मोनू को बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया है। उसकी हालत नाजुक बताई गई है। इधर, पुलिस ने राजेंद्र की तहरीर के आधार अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर बृहस्पतिवार को शव को पोस्टमार्टम कराया। पप्पू का शव संजरपुर पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया।