रसोई गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक से कुचल कर युवक की मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों ने ट्रक चालक को मय ट्रक के पकड़ कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव तारापुर निवासी रघुवीर (19) पुत्र अजुद्दी मेहनत मजदूरी करते हैं। बुधवार को वह मजदूरी करने वजीरगंज गए थे। देर शाम वहां से बस से बिसौली लौटे। रघुवीर की साइकिल बिसौली में ही स्टैंड पर खड़ी थी। देर रात वह साइकिल से गांव की ओर जा रहे थे। रास्ते में आसफपुर मोड़ पर बदायूं की ओर से आ रहे रसोई गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक ने रघुवीर को कुचल दिया। हादसे में उनकी मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक को मय चालक के गिरफ्तार कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।