महिला के खाते से ट्रांसफर हो गए 30 हजार रुपये
- फोटो : अमर उजाला
परिवारिक लाभ योजना के तहत मिली थी सहायता
सर्व यूपी ग्रामीण बैंक में था बेवा महिला का खाता
पति की मौत के बाद महिला को पारिवारिक आर्थिक लाभ योजना के तहत मिली राशि उसके खाते से दूसरे खाते में ट्रांसफर हो गई। वह सोमवार को रुपये निकालने बैंक पहुंची तो इस बारे में पता लगा। महिला परेशान है और बैंक अफसर कोई जवाब नहीं दे पा रहे।
अलापुर थाने के गांव म्याऊं की विमला देवी के पति महावीर की मौत हो गई थी। विमला के छोटे-छोटे बच्चे हैं। राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के तहत विमला देवी को 30 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिली थी। यह राशि सीधे विमला के खाते में आई थी। सोमवार को विमला देवी सर्व यूपी ग्रामीण बैंक के अपने खाते से रुपये निकालने पहुंचीं। उनका खाता खाली था। विमला देवी दंग रह गईं। उनको बताया गया कि 27 जनवरी को रुपये उनके खाते से ब्राह्मानंद शर्मा नाम के व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर कर दिए गए हैं। विमला का कहना है कि वह पढ़ी-लिखी नहीं हैं। रुपये कैसे ट्रांसफर हुए, इस बारे में उसको कोई जानकारी नहीं। इधर शाखा प्रबंधक विपिन कुमार जौहरी का कहना है कि विमला ने ही रुपये ट्रांसफर कराए थे। विमला ने उच्च अधिकारियों को पत्र भेजकर जांच करा कर कार्रवाई की मांग की है।