शहर के रायजादा नर्सिंगहोम में पथरी के ऑपरेशन के दौरान एक महिला की मौत हो गई। परिवार वालों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला।
शहर के मोहल्ला ब्राह्मपुर निवासी सोनू ने अपनी पत्नी लक्ष्मी (27) को बुधवार दोपहर इंदिरा चौक के पास स्थिति रायाजादा नर्सिंगहोम में भर्ती कराया था। देर शात डॉ. केके चौधरी ने लक्ष्मी का ऑपरेशन किया। ऑपरेशन के दौरान लक्ष्मी की मौत हो गई। परिवार वालों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। इधर डॉ. चौधरी का कहना है कि लक्ष्मी के पेट में खून भरा हुआ था। उनकी बच्चेदानी का अंडकोष फटा हुआ था। परिवार वालों ने लक्ष्मी को बरेली ले जाने के लिए कहा गया था, लेकिन परिवार वालों ने यहां ऑपरेशन कराने की बात कही। डॉ. चौधरी ने लापरवाही की बात से इंकार किया है।