कोतवाली सदर के छह सड़का चौकी इंचार्ज इंद्रपाल सिंह का सरकारी पिस्टल कोतवाली से गायब हो गया। गायब पिस्टल में नौ कारतूस की मैग्जीन भी लगी हुई है। पिस्टल गायब होने के बारे में जब अधिकारियों को पता लगा तो महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी देहात बालेंदुभूषण सिंह, सीओ सिटी राजेंद्र सिंह धामा ने कोतवाली पहुंच कर पूरे मामले की जानकारी ली। दिन भर अधिकारी इस प्रकरण को दबाने में जुटे रहे। देर शाम मामले में गुमशुदगी दर्ज कर ली र्गई। इंस्पेक्टर कोतवाली एसएस बराच ने इसकी पुष्टि की है।
सदर कोतवाली में सब इंस्पेक्टर इंद्रपाल सिंह छह सड़का पुलिस चौकी के इंचार्ज हैं। मंगलवार रात वह कोतवाली से गश्त पर निकले थे। कोतवाली मालखाने से इंद्रपाल के लिए नौ राउंड का 38 बोर पिस्टल इश्यू किया गया था। इंद्रपाल रात करीब दो बचे गश्त से कोतवाली लौटे। आदम कराने के बाद यह अपने कमरे में चले गए। सुबह को इंद्रपाल का सर्विस पिस्टल गायब मिला।
बकौल इंद्रपाल जब वह कोतवाली पहुंचे तो पिस्टल उनके पास था। इसके बाद पिस्टल कहां गया उनको नहीं पता। सुबह को सर्विस पिस्टल गायब होने की जानकारी महकमे के बड़े अधिकारियों को दी गई। एसपी देहात बालेंदुभूषण सिंह और सीओ सिटी राजेंद्र सिंह धामा कोतवाली पहुंचे। यहां इंद्रपाल के कमरे की तलाशी सहित पूरी कोतवाली को खंगाला गया। काफी कोशिश के बाद भी पिस्टल नहीं मिला तो मामले में गुमशुगदी दर्ज कर ली गई।
कहीं अपराधियों के हाथ
न लग जाए पिस्टल
बदायूं। दरोगा से लापरवाही किस स्तर पर हुई जो सरकारी पिस्टल गायब हो गया। पुलिस के अधिकारी भी इस बात को लेकर चिंतित हैं कि यह पिस्टल कहीं किसी अपराधी के हाथ न लग जाए। पिस्टल में नौ राउंड की मैग्जीन लगी हुई है। जाहिर है कि अगर यह किसी अपराधी के हाथ लगा तो वह बड़ी वारदात को अंजाम देने से नहीं चूकेगा।
लापरवाही मामले में दरोगा पर कार्रवाई तय
बदायूं। सर्विस पिस्टल गायब होने के बाद छह सड़का चौकी इंचार्ज इंद्रपाल सिंह पर गाज गिरना तय मानी जा रही है। महकमे के बड़े अफसर इसे दरोगा की लापरवाही मान रहे हैं। हालांकि बुधवार को दिन भर पर्देदारी की कोशिश हुई। देर शम तक पिस्टल नहीं मिला तो गुमशुदगी दर्ज कर ली गई।
कोतवाली से दरोगा का सर्विस पिस्टल गायब होने का मामला जानकारी में आया है। इसकी जांच की जा रही है। कहीं न कहीं पर दरोगा की लापरवाही रही है। मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है। इस बारे में उच्च अधिकारियों को जानकारी दे दी गई है। जो भी जरूरी होगा कार्रवाई की जाएगी।-राजेंद्र सिंह धामा, सीओ सिटी