दातागंज-बरेली रोड पर ब्राहमपुर के पास मिला शव
पीटने के बाद गला दबाकर हत्या की आशंका
मृतक की शिनाख्त कराने में जुटी पुलिस
कोतवाली क्षेत्र के गांव ब्राहमपुर में बीच सड़क पर अज्ञात युवक का शव पड़ा मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौजूदा स्थिति को देख युवक की हत्या करके शव सड़क पर डालने की आशंका जताई जा रही है। सीओ दातागंज श्योराज सिंह और इंस्पेक्टर कोतवाली राजवीर सिंह ने मौका मुआयना किया।
गुरुवार सुबह करीब पांच बजे पुलिस को बरेली रोड पर स्थित गांव ब्राहमपुर के पास एक युवक का शव बीच सड़क पर पड़े होने की जानकारी मिली। इस वजह से यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों से पूछताछ की। कुछ लोगों ने बताया कि शव रात में लाकर यहां डाल गया। युवक के गले में चोट और दबाव के निशान थे। साथ ही कई स्थानों पर शरीर छिला हुआ था, लेकिन कपड़े साफ थे। ऐसे में मारपीट करने के बाद में कपड़े पहनाए जाने की आशंका व्यक्त की जा रही है। पुलिस ने शिनाख्त करने की कोशिश की, लेकिन क्षेत्रीय लोग पहचान नहीं सके। फिलहाल पुलिस युवक की शिनाख्त कराने के प्रयास में लगी है। इंस्पेक्टर राजवीर सिंह ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। फिलहाल जांच चल रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
-----
अभी तक युवती की नहीं हुई शिनाख्त
आसफपुर। फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के गांव हबीबपुर के जंगल से मंगलवार को बाइस साल की अज्ञात युवती का शव बरामद हुआ था। अभी तक उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। वह लाल रंग का छींटदार कुर्ता और क्रीम कलर की सलवार पहले हुए थी। पुलिस का कहना है कि पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
-----
पहले मिले तीन शव की नहीं हो पाई पहचान
बदायूं। पिछले साल फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में दो और वजीरगंज में एक शव मिला था। तीनों की मामलों में दुष्कर्म के बाद हत्या की पुष्टि भी हुई थी। इन तीनों की शिनाख्त अब तक नहीं हो सकी है।
फैजगंज बेहटा के आसफपुर रेलवे आउटर पर 28 जुलाई 2015 को अज्ञात महिला का शव मिला था। उसकी हत्या दुष्कर्म के बाद की गई थी। तीन अगस्त 2015 को फैजगंज बेहटा थाने के गांव मन्नू नगर की ईख में अज्ञात महिला का नग्न शव मिला था। उसके हाथ-पैर गन्नों के तनों से बंधे हुए थे। उसकी हत्या भी दुष्कर्म के बाद गला घोंटकर की गई थी। 27 अक्तूबर 2015 को वजीरगंज थाने के गांव बेहटरा में युवती का अज्ञात शव मिला था। उसकी हत्या के बाद पहचान छिपाने के लिए तेजाब डाला गया था। तीनों शव की पुलिस आज तक शिनाख्त नहीं कर सकी है।
-----
नसरीन जिंदा निकली तो किसका था शव
बदायूं। वजीरगंज थाने के कस्बा सैदपुर के पास 30 जून की शाम युवती का अज्ञात शव मिला था। शव की शिनाख्त चंदौसी के मोहल्ला कसाई टोला निवासी नसरीन के रूप में हुई थी। बाद में नसरीन को पुलिस ने उत्तराखंड से उसके प्रेमी के साथ बरामद कर लिया था। इसके बाद साफ हो गया कि सैदपुर में मिला शव नसरीन का नहीं था। मामले में पुलिस पड़ताल चल रही है। अब तक यह पता नहीं लग सका है कि वह शव किसका था? पुलिस के लिए ये शव पहेली बना हुआ है।