कमरे में अकेला था बच्चा, मार्टिन की आग से हादसे की आशंका
गांव गरगइया के एक घर में गुरुवार की सुबह लगी आग में दो साल के मासूम की मौत हो गई। माता-पिता खेत पर जाने से पहले मकान के दरवाजे की कुंडी बाहर से लगा गए थे, ताकि वह कहीं बाहर न निकल जाए। यही सावधानी मासूम के लिए जानलेवा बन गई। आशंका है कि मार्टिन (मच्छर मार क्वाइल) की आग से यह हादसा हुआ।
गरगइया निवासी अजीत सागर गुरुवार सुबह पत्नी के साथ खेत पर गए थे। उनका दो साल का बेटा अनिकेश उर्फ पिंकू कमरे में अकेला ही रह गया। जाते वक्त वह सो रहा था। करीब दो घंटे बाद अजीत सागर पत्नी के साथ खेत से लौटे तो देखा कि कमरे से धुआं निकल रहा है। आननफानन में कमरा खोला तो देखा कि पिंकू भी झुलस गया था। पड़ोसी भी दौड़े और सभी ने मिलकर आग बुझाई, मगर तब तक पिंकू की मौत हो चुकी थी। कमरे में रखा घरेलू सामान भी राख हो गया।
अजीत का कहना है कि जब वह घर से पत्नी के साथ गया था तो उस समय कमरे में मार्टिन जलती छोड़ गए थे ताकि पिंकू को मच्छर न काटें। माना जा रहा है कि जलती हुई मार्टिन पर कोई कपड़ा गिर गया और उससे आग लग गई। घर में बिजली के तार भी खुले हुए हैं। आग लगने की वजह शार्ट सर्किट भी हो सकती है। सूचना पर एसडीएम बिसौली आरडी राम ने मौका मुआयना किया। उन्होंने क्षति के आकलन की रिपोर्ट देने के लिए कानूनगो और लेखपाल को निर्देशित किया है। एसडीएम का कहना है कि पीड़ित परिवार को नियमानुसार जो भी संभव है आर्थिक मदद मुहैया कराई जाएगी।