भारतीय स्टेट बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक अनेकपाल शाक्य के घर में पिछले दिनों हुई लूट के मामले में पुलिस ने रविवार रात दो बदमाशों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान दोनों के पास दो तमंचे और नकदी समेत जेवरात भी मिले। पूछताछ के दौरान दोनों बदमाशों ने घटना में दो और साथियों के नाम पुलिस को बताए। गृहस्वामी ने बरामद माल देखते ही उसे पहचान लिया। पुलिस ने दोनों बदमाशों का मेडिकल कराने के बाद कोर्ट में पेश किया। बाद में उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पकड़े गए बदमाशों में अयोध्यागंज निवासी सत्येंद्र उर्फ सत्ते और कोतवाली क्षेत्र के गांव अल्लापुर चमारी निवासी नन्हे यादव हैं। दोनों को पुलिया बरेली-मथुरा हाईवे पर गांव छतुइया के नजदीक पकड़ा गया। प्रभारी कोतवाल जितेंद्र सिंह और दरोगा शिवेंद्र सिंह ने दोनों से पूछताछ की तो उन्होंने अपने फरार साथियों के नाम भी पुलिस को बता दिए। फरार बदमाशों में मोहल्ला चटइया का शाहिद और अलापुर थाना क्षेत्र में ककराला कसबे का वाहिद है। पुलिस को सत्ते और नन्हे के पास से दो तमंचे, पांच कारतूस, करीब 13 हजार रुपये नकद, जेवरात में सोने की दो अंगूठी, मंगलसूत्र, गले का ओम, दो लौंग, चांदी की पाजेब, कमरबंद भी मिला। पकड़े गए सत्ते और नन्हे ने पुलिस को बताया कि एसबीआई के ग्राहक सेवा केंद्र संचालक अनेकपाल के घर में लूट की घटना से पहले उन्होंने रेकी भी थी। वह पड़ोस के मकान के जरिए ही अनेकपाल के घर में घुसे थे। पड़ोस का मकान नन्हे के ही गांव के एक व्यक्ति का है। प्रभारी कोतवाल जितेंद्र सिंह ने बताया कि नन्हे और सत्ते ने कोतवाली क्षेत्र में पहले भी आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया है। सत्ते तो हत्या, चोरी और लूट में पहले भी जेल जा चुका है। ग्राहक सेवा केंद्र संचालक अनेकपाल ने बरामद माल पहचान लिया। पुलिस ने दोनों का मेडिकल कराके दोपहर बाद कोर्ट में पेश किया। कोर्ट से दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। -----------
सीओ ने भी की बदमाशों से पूछताछ
उझानी। रविवार देर रात दो बदमाशों के पकड़े जाने और लूट का माल बरामद होने की सूचना के बाद सीओ भूषण वर्मा भी कोतवाली आ गए। उन्होंने सत्ते और नन्हे से पूर्व की घटनाओं से लेकर ग्राहक सेवा केंद्र संचालक के घर में लूट को लेकर बारीकी से जानकारी की। बदमाशों ने सीओ के सामने भी वही दोहराया जो पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया था।