बदायूं से सवारियों को लेकर मूसाझाग की ओर जा रहा टेंपो दातागंज रोड पर मूसाझाग थाना क्षेत्र में अंधे की पुलिया के पास अनियंत्रित हो कर खाई में पलट गया। टेंपो में एक दर्जन से ज्यादा सवारियां बैठी थीं। हादसे में दातागंज के गांव कनकपुर निवासी कुसुमा (40) पत्नी शिवपाल और वेदपाल के तीन वर्षीय पुत्र मोनू की मौके पर मौत हो गई। इसी गांव के गुड्डो (35) पत्नी नेकपाल, सुशीला (38) पत्नी वेदपाल, सीमा (30) पत्नी देवेंद्र, कल्लू की एक वर्षीय पुत्री नीतू, दियूरी गांव निवासी नसरीन (22) पत्नी चांद बाबू, चांद बाबू (25) पुत्र शेर मोहम्मद घायल हो गए।
आसपास के लोगों ने घायलों को किसी तरह से निकाल कर अस्पताल पहुंचाया। सुषमा, गुड्डो और सुशीला की हालत गंभीर है। हादसे की वजह टेंपो को स्टेयरिंग फेल होना बताया जा रहा है। शवों को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने परिवार वालों के सुपुर्द कर दिया है। एक गांव में दो मौतों से गांव में मातम छाया हुआ है।
हादसे में दो लोग जख्मी
मूसाझाग। दातागंज रोड पर टेंपो पलटने से इसमें सवार ताकिर (35) पुत्र रियासत निवासी मोहल्ला सोथा और सोनू (15) पुत्र जावेद घायल हो गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सोनू की हालत गंभीर है।