मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर बेकाबू गति से दौड़ते ट्रक ने एक घोड़ा-बग्गी को रौंद दिया। टक्कर इतनी तेज लगी कि बग्गी के परखच्चे उड़ गए। बग्गी पर सवार चचेरे-तहेरे दो भाइयों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घोड़े भी जख्मी हो गए। बग्गी सवार लोग बारात चढ़ाने के बाद अपने घर लौट रहे थे। हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर को पुलिस ने दबोच लिया।
उझानी कस्बे के मोहल्ला पठान टोला निवासी 30 वर्षीय प्रमोद कुमार पुत्र श्रीपाल शादी-बारात में किराए पर घोड़ा-बग्गी ले जाते हैं। शुक्रवार रात करीब 12 बजे प्रमोद अपने सगे भाई 15 वर्षीय राजेश, चचेरे भाई 40 साल के रमेश और उनका बेटे 12 साल के पंकज के साथ शाहजहांपुर के कलान से बारात चढ़ाकर उझानी घर लौट रहे थे। रास्ते में उसावां कस्बे से एक किलोमीटर दूर काली देवी मंदिर के पास पहुंचने पर उनकी बग्गी में पीछे से आए ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त लगी कि बग्गी के परखचे उड़ गए। इसमें रमेश व उसके तहेरे भाई राजेश की मौके पर मौत हो गई। प्रमोद, उनका भतीजा पंकज और दोनों घोड़े गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान उधर से गुजर रहे वाहन चालकों ने तुरंत यूपी 100 पुलिस को सूचना दी। वहां पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल भेजा। जहां से वे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए। पुलिस ने शनिवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिवार वालों के हवाले कर दिए।
उधर, हादसे के बाद यूपी 100 पुलिस ने ट्रक का पीछा किया। पुलिस को पीछा करते देख चालक अलापुर कस्बे के पास ट्रक छोड़कर भाग गया। मगर यूपी 100 पर तैनात सिपाही नितिन कुमार, जितेंद्र और सतेंद्र सिंह ने उसे पकड़ लिया। पुलिस के के मुताबिक चालक इरफान अली निवासी ग्राम शाहपुर थाना कुंदरकी मुरादाबाद है। ट्रक में दवाइयां भरी हुईं थीं, जिन्हें लेकर चालक लखनऊ से म्याऊ आ रहा था। पीछा करने के दौरान चालक ने यूपी 100 पुलिस की जीप को टक्कर मारने की कोशिश भी की। उधर, हादसे में घायल प्रमोद को बरेली रेफर कर दिया गया। पंकज का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।