सेठ डूंगरमल उच्चीकृत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर बुधवार को खून की जांच कराने पर मरीजों से रुपये वसूले जाने पर जमकर हंगामा हुआ। हंगामे को देख स्वास्थ्य कर्मी चुपचाप खिसक लिए।
मरीजों के संग आए तीमारदारों का आरोप है कि सीएचसी पर खून की जांच कराने पर स्वास्थ्य कर्मियों ने 60-60 रुपये मांगे। विरोध करने पर स्वास्थ्य कर्मी ने बदसलूकी की। तब मरीज तथा उनके परिजन भड़क गए। उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। अस्पताल में अफरातफरी मच गई। इस बीच मौका देख स्वास्थ्य कर्मी खिसक गए। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन के विरोध में नारेबाजी की। इस मौके पर रेहडिया के महेंद्र पाल तथा महारानी, ठिकुरी के संतोश शर्मा तथा संजय, रूपपुरा की ममता, कटसारी की संतोश, बनिया की जरीना बेगम, कोटरा रसूला के कृष्ण स्वरूप, पुसगवां के अयूब अली, कस्बे के अनिल कुमार-गौरव, हतरा की फूल वी तथ तरन्नुम, वनकोटा की रामरती एवं मालती ने बताया कि उनसे खून की जांच कराने के नाम पर वसूली की गई है। सीरेंज के दस रुपये अलग से लिए गए। जबकि अस्पताल में खून की जांच फ्री होती है।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि अस्पताल में दवाएं तक उपलब्ध नहीं हैं। दवा बाहर से लेने के लिए कहा जाता है। मरीजों ने ने इस संबंध में सीएमओ को पत्र लिख कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।