गंगा नदी के टोटपुर करसरी घाट पर गंाव भवानीपुर खली के एक युवक की डूबने से मौत हो गई, जबकि दो युवकों को बचा लिया गया। इससे गांव में गमगीन माहौल है।
थाना क्षेत्र के गांव भवानीपुर खली के करीब 15 युवक मौजमस्ती करने और गंगा में नहाने के लिए दोहपर करीब दो बजे टोंटपुर करसरी घाट पर गए थे। नहाने के दौरान आपस में मौजमस्ती चल रही थी। इसी दौरान तीन युवक गहरे पानी में चले गए। पहले तो बचने का प्रयास किया इसके बाद खुद को खतरे में देखकर युवकों ने बचाव के लिए आवाज लगाई। मौके पर मौजूद तैराकों ने युवकों को डूबते देखकर गंगा नदी में छलांग लगा दी।
तैराकों ने गंगा में डूब रहे आले नवी पुत्र वाजिद (19) और हमशर पुत्र अगन को बचा लिया। वहीं (20) फैजान पुत्र राहत अधिक गहराई में चला गया था। इससे पहले तैराक उसे बचा पाते उसने दम तोड़ दिया। मुश्किल से तैराकों ने उसके शव को बाहर निकाला। साथी की मौत को देखकर अन्य साथी घबरा गए। घटना की सूचना फैजान के घरवालों को दी गई। मौके पर पहुंचे घरवाले उसका शव गांव में लाए, अचानक से हुई घटना से गांव का माहौल गमगीन बना हुआ है।
जलस्तर घटने से गंगा कर रहीं कटान
सहसवान (बदायूं)। मोक्षदायिनी मां गंगा में बाढ़ आने के बाद अब पानी घटना शुरू हो गया है। गंगा नदी का जल स्तर तेजी से घटने के कारण गांव धावड़ और नगला वरन में तेजी से कटान हो रहा है। कटान होने से ग्रामीण की फसलें धीरे-धीरे गंगा में समा रही हैं। इससे ग्रामीणों का काफी नुकसान हो रहा है। जलस्तर घटने के बावजूद ग्रामीण डर की वजह से जीएम बांध पर शरण लिए हुए हैं।