टावर की बैटरियां चोरी होने की शिकायत करने पर कुछ लोगों ने सिक्योरिटी सुपरवाइजर को घेर लिया। उसकी जमकर पिटाई की। कार्रवाई की मांग को लेकर पीड़ित के साथ परिचित लोग देर शाम तक उझानी कोतवाली में डटे रहे।
उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव अहीरवारा निवासी जयवीर सिंह एक नेटवर्क कंपनी में सिक्योरिटी सुपरवाइजर है। कछला के टावर भी उसी क्षेत्र में आते हैं। जयवीर के मुताबिक शुक्रवार रात में टावर के पास से बैटरी बैंक के 24 सेल और जेनरेटर से जुड़ा बैटरा चोरी हो गया। सच्चाई का पता लगाने को सुपरवाइजर दोपहर को मौके पर पहुंचा तो टावर के एक कर्मचारी ने अपने समर्थकों को बुलाकर उसे घेर लिया। कछला चौराहे पर भी उसकी जमकर पिटाई की। मारपीट करने वाले लोग उसे रेल लाइन के अज्ञात स्थान पर ले गए। जयवीर ने हमलावरों पर रुपये छीन लेने और बंधक बनाकर रखने का भी आरोप लगाया है। जयवीर के साथ उसके घरवाले भी देर शाम तक कोतवाली में डटे रहे। नामजदगी कराने को तहरीर भी दी गई है।