जालसाज युवक ने एटीएम से निकाले साढ़े तीन हजार रुपये
- फोटो : अमर उजाला
कस्बा दहगवां में स्थित भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम के पास मंडराते जालसाजों ने शुक्रवार को एक महिला को अपना शिकार बनाया। मददगार बनकर आए एक जालसाज ने एटीएम से तीन हजार पांच सौ रुपये निकाल लिए और चंपत हो गया। दहगवां निवासी विमलेश कुमारी पत्नी राजकुमार सिंह स्थित एटीएम से पैसा निकालने के लिए आई थीं। जैसे ही वह एटीएम के केबिन में घुसीं। पीछे से एक युवक पहुंच गया। विमलेश कुमारी ने कार्ड मशीन में लगाया उसके पश्चात मशीन ने रुपये निकालने में कुछ समय लगा दिया, तो युवक ने मशीन में पांच सौ के नोट न होने की बात कह कर दूसरे एटीएम से पैसा निकालने की सलाह दी। महिला मशीन से पीछे हटकर खड़ी हो गई, तभी युवक ने उनके खाते से तीन हजार पांच सौ रुपये निकाल लिए और चंपत हो गया। केबिन से निकलते ही महिला के मोबाइल पर पैसा निकलने का मैसेज आया, तो वह ठगी रह गई। वह शाखा प्रबंधक के पास पहुंची। उसकी फरियाद नहीं सुनी गई। महिला ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है।