सहसवान के शहबजापुर में पुराने मुकदमे को लेकर हुआ विवाद
पुलिस ने दोनों ओर से दर्ज की रिपोर्ट, कोई गिरफ्तार नहीं
नगर के मोहल्ला शहबाजपुर में दो पक्षों के बीच मुकदमे को लेकर हुई चाकूबाजी और फायरिंग में छह लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया है। घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए दोनों ओर से तहरीर दी गई है।
तहरीर में गुडडू पुत्र कदीर ने बताया है कि सुबह लगभग आठ बजे रिहान, बदरुल पुत्रगण मोहम्मद उमर, मोहम्मद उमर पुत्र मोहम्म्द अली व शायरा पत्नी मोहम्मद उमर एकराय होकर उसके घर में घुस आए। कहा कि मुकदमा वापस नहीं लिया, तो जान से मार देंगे। उससे मारपीट करने लगे। जब मेरा फुफेरा भाई छोटे बचाने आया, तो रिहान ने चाकू से गर्दन पर बार कर उसे घायल कर दिया। उसे भी पीटकर घायल कर दिया। दूसरे पक्ष की ओर से शायरा पत्नी मोहम्मद उमर ने बताया है कि गुडडू, कुन्नू, पप्पू पुत्रगण कदीर, छोटे पुत्र खल्ला, मोहसिन, गुडडू पुत्रगण छोटे, भूरी पत्नी गुडडू, अनीस पुत्र अकील, कासिम, जैनुल आवदीन, मुकद्दिस, मुदस्सिर, मुशीर पुत्रगण नन्हे खां और तीन लोग अज्ञात लोग हाथों में चाकू, तलवार व तमंचे लेकर घर में घुस आए। आरोप है कि घर के अंदर रखी 11 हजार की नगदी, सोने चांदी के आभूषण लूटकर ले गए। विरोध करने पर चाकू, सरिया से वार कर घायल कर दिया। हमलावरों ने तमंचे से फायर कर पति उमर व पुत्र रिहान को घायल कर दिया। घटना की पृष्ठभूमि में दोनों पक्षों के बीच पुरानी मुकदमेबाजी बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों ओर से रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। अभी इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं की गई है।