घर से बैंक जाने की कहकर निकला नगर के प्रमुख व्यापारी हृदेश गोयल का बेटा रहस्यमय ढंग से गायब हो गया। घरवालों को इसकी भनक लगी तो उन्होंने खोजबीन शुरू कर दी। शाम को व्यापारियों के साथ कोतवाली पहुंचे घरवालों ने पुलिस को घटनाक्रम की जानकारी दी।
स्टेशन रोड निवासी हृदेश गोयल का यहां कछला रोड बाजार में सराफा प्रतिष्ठान है। उनका 35 वर्षीय पुत्र सचिन गोयल सोमवार प्रात: 10 बजे घर से निकला। बाद में वह पूर्वाह्न में बैंक गया। बैंक में उसे कोई काम था। दोपहर बाद तक ब वह घर नहीं लौटा तो पिता ने सचिन के नंबर पर कॉले की। सेलफोन स्विच ऑफ आया। भनक लगते ही कई व्यापारी उनके प्रतिष्ठान पर पहुंच गए। ह्रदेश ने उन्हें भी सचिन के लापता होने की जानकारी दी।
अपराह्न तक सचिन के बारे में कोई सुराग नहीं लगने पर पिता समेत कई व्यापारी कोतवाली पहुंचे। उन्होंने कोतवाल गोपीचंद यादव को बताया कि सचिन का नंबर बंद होने की वजह से संपर्क नहीं हो पा रहा है। पिता की मानें तो उनके और सचिन के एक दोस्त भाजपा नेता के नंबर पर कई मिस्ड कॉल आई हैं। पुलिस ने गुमशदगी दर्ज कर मामले की तहकीकात शुरू कर दी है। कोतवाली पहुंचे व्यापारी में सचिन के घरवालों के अलावा व्यापार प्रतिनिधिमंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष राजकुमार बंसल, मनोज गोयल, राजीव गोयल, अवधेश वर्मा आदि शामिल थे।