बैंक ऑफ बड़ौदा हलवाई बाजार के शाखा प्रबंधक पर धोखाधड़ी करके विजय नगर कॉलोनी स्थित एक मकान को 27.50 लाख रुपये में नीलाम करने का आरोप लगा है। यह मकान भारतीय स्टेट बैंक कृषि विकास शाखा में बंधक था। दो साल के बाद जब एसबीआई ने मकान पर कब्जा किया तो क्रेता को इस बारे में पता लगा। क्रेता मनोज कुमार की ओर से कोतवाली में शाखा प्रबंधक रमेश बसेर समेत कई बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
बीओबी की हलवाई बाजार शाखा ने जुलाई 2014 में अखबारों में एक मकान नीलामी संबंधी इश्तहार दिया था। मकान की नीलामी में श्याम नगर के मनोज कुमार भी शामिल हुए। शहर की पॉश विजय नगर कॉलोनी स्थित सतीश चंद्र और प्रेमावती के इस मकान को मनोज कुमार ने 27.50 लाख रुपये बोली लगाकर खरीद लिया गया। इसके बाद मनोज ने मकान के बारे में पड़ताल की। शाखा प्रबंधक रमेश बसेर ने उनको भरोसा दिया कि मकान पर कोई विवाद नहीं है। यह बैंक ऑफ बड़ौदा की संपत्ति है। किसी भी तरह का विवाद होने पर इसके लिए बैंक जिम्मेदार होगा। बैंक अधिकारियों के भरोसे में आकर मनोज ने मकान का बैनामा करा लिया।
मकान का बैनामा जुलाई 2014 में ही शाखा प्रबंधक रमेश बसेर ने मनोज कुमार के पक्ष में किया। इसके बाद मनोज कुमार परिवार के साथ इस मकान में रहने लगे। हाल ही में मनोज कुमार परिवार के साथ रिश्तेदारी में गए थे। जब वह रिश्तेदारी से वापस आए तो उनके मकान पर एसबीआई कृषि विकास शाखा का नोटिस चस्पा था। उनके मकान में बैंक के ताले पड़े हुए थे। यह देखकर वह दंग रह गए। उन्होंने स्टेट बैंक में संपर्क किया तो पता लगा कि यह मकान स्टेट बैंक कृषि विभाग शाखा की संपत्ति है। इसके बाद मनोज कुमार को ठगी का पता लगा। उन्होंने बीओबी के शाखा प्रबंधक रमेश बसेर समेत बैंक के शाखा के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कोतवाली में धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
धोखाधड़ी के आरोपी शाखा प्रबंधक को हटाया गया
बदायूं। धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद बैंक ऑफ बड़ौदा की हलवाई बाजार शाखा प्रबंधक रमेश बसेर को हटा दिया गया है। मामले में बैंक भी अपने स्तर से जांच कर रही है। फिलहाल यहां दूसरे शाखा प्रबंधक की तैनाती नहीं की गई है। सूत्रों ने बताया कि दूसरे शाखा प्रबंधक की तैनाती सोमवार को की जा सकती है।
... तो फर्जी कागजात तैयार किए थे शाखा प्रबंधक ने
बदायूं। जिस मकान का बैनामा बैंक ऑफ बड़ौदा के शाखा प्रबंधक रमेश बसेर ने श्याम नगर के मनोज कुमार को कर दिया वह मकान एसबीआई की संपत्ति था। मकान के अभिलेख भी एसबीआई में जमा थे। माना जा रहा है कि फर्जी तरीके से मकान की नीलामी के लिए शाखा प्रबंधक रमेश बसेर ने बाकी स्टाफ के साथ मिलकर फर्जी अभिलेख तैयार किए हैं। सच्चाई क्या है यह तो विवेचना में ही सामने आएगी।
मामले में रिपोर्ट दर्ज हो गई है। आपसे ही इस बारे में मुझे जानकारी मिली है। अब यह पुलिस केस है। इसमें मेरे स्तर का कुछ भी नहीं। फिर भी पूरे मामले में जानकारी जुटाई जाएगी।-अनुराग कुमार, लीड बैंक मैनेजर
मामले में बैंक ऑफ बड़ौदा हलवाई बाजार के शाखा प्रबंधक समेत कई अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। विवेचना की जा रही है। सच्चाई क्या है यह तो विवेचना के बाद ही सामने आ सकेगी।-मनोज कुमार सिंह, इंस्पेक्टर कोतवाली