मृतक के भाई ने छह लोगों पर लगाया हत्या का आरोप
शुक्रवार सुबह गांव से करीब 200 मीटर दूर मिला शव
जरीफनगर थाने के गांव अंबियापुर में युवक की हत्या कर शव गांव से करीब 200 मीटर दूर जंगल में फेंक दिया गया। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ हत्या की नामजद रिपोर्ट दर्ज की है। शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है। खबर मिलने पर सीओ सहसवान श्योराज सिंह ने मौके पर पहुंच कर मृतक के परिवार और गांव के लोगों से पूछताछ कर घटना के संबंध में जानकारी जुटाई।
जरीफनगर के गांव अंबियापुर निवासी 28 वर्षीय छोटे पुत्र राम प्रसाद का शव शुक्रवार सुबह गांव के बाहर पड़ा मिला। मृतक के भाई श्योराज सिंह ने गांव के हरदयाल, चंद्रपाल पुत्रगण झम्मन, कैलाश, राजेश पुत्रगण लक्ष्मी, मीहलाल पुत्र श्याम लाल और केशों पुत्र भोले के खिलाफ भाई की गला दबाकर हत्या करने के बाद शव फेंकने की तहरीर पुलिस को दी। आरोप है कि छोटे का दो दिन पहले इन लोगों से झगड़ा हुआ था। उस वक्त तो गांव में पंचायत कर समझौता करा दिया गया। इसके बाद भी रंजिश खत्म नहीं हुई। श्योराज की तहरीर पर पुलिस ने हरदयाल, चंद्रपाल, कैलाश, राजेश, केशो और मीहलाल के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर शव पोस्टमार्टम को भेजा है। हालांकि हत्या के इस मामले को लेकर गांव में कई तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं।
तहरीर के आधार पर छह लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है। पड़ताल की जा रही है। सच्चाई सामने जा जाएगी।
-श्योराज सिंह, सीओ सहसवान