एसएसपी सुनील सक्सेना ने कानून व्यवस्था में सुधार और क्राइम कंट्रोल के लिए जिला स्तर पर दबंग दमन दल बनाने का निर्णय लिया है। रविवार को पुलिस लाइंस सभागार में हुई क्राइम मीटिंग में उन्होंने सभी थानेदारों को निर्देश दिए कि थाना स्तर पर दबंगों को सूचीवद्घ करें। इसके लिए थाना स्तर पर दबंग रजिस्टर बनाएं। थानेदारों को चेताया कि जिस थाना क्षेत्र में अपराध बढ़ते हैं उस एसओ के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। क्राइम मीटिंग से पहले एसएसपी सैनिक सम्मेलन में शामिल हुए।
क्राइम मीटिंग में एसएसपी ने निर्देश दिए कि गोकशी पर सख्ती से नकेल कसी जाए। गुंडई और दबंगई बिल्कुल न होने दी जाए। उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर गठित होने वाले दबंग दमन दल में एक इंस्पेक्टर, चार कांस्टेबल और दो महिला कांस्टेबलों को रखा जाएगा। कोई भी थानेदार दवाब, प्रभाव या लालच में काम न करे। निर्देश किए कि थाना स्तर पर ही शिकायती को संतुष्ट किया जाए। थाने आने वाले फरियादियों से मधुर व्यवहार किया जाए। एसएसपी ने रमजान के मद्देनजर सतर्कता से काम लेने के निर्देश सभी एसओ को दिए।
इसके पहले हुए सैनिक सम्मेलन में एसएसपी ने सभी पुलिस अधिकारियों से कहा कि अधीनस्थों की समस्याओं का निपटारा समय से करें। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मियों की कोई भी समस्या हो वह सीधे उनसे मिल सकते हैं। इस मौके पर एसपी सिटी अनिल यादव, सीओ दातागंज श्योराज सिंह, सीओ उझानी जेएस पाटनी, सीओ सहसवान उमेश यादव, सीओ सिटी वंशराज यादव, आरआई सुरेश बाबू यादव आदि मौजूद रहे।