मैकूलाल चौराहे पर पुलिस चौकी के पास हुई वारदात
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में सक्रिय चोर उचक्कों ने गुरुवार रात पुलिस चौकी के पास एक मंदिर से दान-पात्र ही साफ कर दिया। सुबह होने पर लोगों को जब इस बारे में पता लगा तो उनमें गुस्सा दौड़ गया। खबर मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
शहर में सिविल लाइंस थाने की मैकूलाल हलवाई पुलिस चौकी के पास एक मंदिर है। मंदिर पर पुजारी रामकुमार रहते हैं। गुरुवार रात करीब 11 बजे मंदिर के कपाट बंद करने के बाद पुजारी रामकुमार अपने घर चले गए। शुक्रवार सुबह जब मंदिर पहुंचे तो देखा कि मंदिर के ताले टूटे हुए थे। यहां से दान-पात्र और दो घंटे गायब थे। इस बारे में आसपास के लोगों को पता लगा तो उनमें गुस्सा दौड़ गया। मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई। खबर मिलने पर पहुंची पुलिस ने पड़ताल की। रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी गई है।
------
14 लाख की चोरी की भी खुलासा नहीं
बदायूं। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में पिछले सप्ताह इंदिरा चौक के पास चोरों ने रिषभ नारंग की मोबाइल शॉप का शटर तोड़कर यहां से मोबाइल और नगदी समेत करीब 14 लाख रुपये का माल साफ कर दिया था। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट तो दर्ज कर ली, लेकिन करीब एक सप्ताह के बाद भी पुलिस चोरी की इस वारदात का खुलासा नहीं कर सकी है।