छात्र का शिक्षक से फीस के बारे में पूछना भारी पड़ गया। इस बात को लेकर शिक्षक ने छात्र को पीट दिया। जिससे वह घायल हो गया। उसके कान के पर्दे पर चोट आई है। छात्र को रेफर किया गया है। उसके पिता की तहरीर पर पुलिस ने शिक्षक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर दी है। मामला जीलॅट पब्लिक स्कूल का है। घटना के बाद से शिक्षक फरार है। उसहैत कस्बा निवासी नवाब अहमद का बेटा फैजान जीलॉट पब्लिक स्कूल में कक्षा 11 का छात्र है। गुरुवार को लंच टाइम के बाद फैजान ने शिक्षक अरविंद कुमार से वार्षिक फीस के बारे में जानकारी लेनी चाही। आरोप है कि इस पर शिक्षक भड़क गया। उसने फैजान को बेरहमी से पीट दिया। फैजान के कान पर थप्पड़ भी मार दिया। जिससे उसके कान के पर्दे में चोट लग गई। इस दौरान स्कूल प्रबंध तंत्र के लोग खड़े तमाशा देखते रहे। घर पहुंच कर फैजान ने इस बारे में परिवार वालों को बताया। इसके बाद उसका पिता उसे लेकर सिविल लाइंस थाने पहुंचा। यहां रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी। छात्र के पिता की तहरीर पर पुलिस ने शिक्षक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर घायल छात्र को मेडिकल के लिए भेज दिया। जिला अस्पताल में मेडिकल के बाद फैजान को रेफर कर दिया गया है। छात्र के पिता का कहना है कि उसने थाने जाने से पहले स्कूल प्रबंधन से भी शिकायत की। स्कूल प्रबंधन ने उसको धमकी दी और कहा कि वह जो कर सकता है कर ले। शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाएगी। इसके बाद उसने मामले में मुकदमा दर्ज कराया है।