बदायूं। प्रदेश के संसदीय कार्य और नगर विकास मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने सपा, कांग्रेस और बसपा को फुंका हुआ ट्रांसफार्मर बताया। कहा कि फुंके ट्रांसफार्मर से कभी बिजली नहीं निकलती है। भाजपा चालू ट्रांसफार्मर है, जिससे लोगों के घरों में रोशनी होती है। उन्होंने दोहराया कि सरकार का एकमात्र लक्ष्य सबका साथ-सबका विकास का है, उसी नीति पर सरकार काम कर रही है।
यह बात काबीना मंत्री श्री खन्ना ने यहां बुधवार को मिशन कंपाउंड में आयोजित जनसभा में कही। उन्होंने कहा कि सरकार ने जो वायदे किए थे, उन्हें पूरा किया जा रहा है। किसानों का कर्ज माफ करके उन्हें फायदा पहुंचाने का कार्य भाजपा सरकार ने किया है। इससे पहले किसी भी सरकार ने ऐसा नहीं किया। नगर विकास मंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार पर काफी हद तक अंकुश लगा है। प्रदेश में जो भी भ्रष्ट अधिकारी-कर्मचारी पकड़ में आए हैं उनके खिलाफ कठोर विभागीय कार्रवाई की गई है। बोले- विकास के मामले में किसी से कोई समझौता नहीं होगा। यदि किसी अधिकारी-कर्मचारी ने विकास कार्यों में किसी तरह की गड़बड़ी की तो वह कार्रवाई से बच नहीं सकता।
नगर विकास मंत्री ने कहा कि बीते दस साल में जो भी सरकारें रहीं हैं उन्होंने स्वयं का विकास किया जबकि प्रदेश को काफी पीछे धकेल दिया। लोगों की आदतें खराब हो गईं थीं। हम विश्वास दिलाते हैं जो भी सरकार में बैठे लोग हैं जब उनकी मंशा अच्छी होती है तब परिणाम भी अच्छे आते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार आम जनता को बेहतर सुविधाएं देने को प्रयासरत हैं। सरकार चाहती है कि प्रत्येक नागरिक को मानक के अनुरूप रोजाना 135 लीटर पानी मिले। उन्होंने कहा कि बिजली की खपत कम हो इसके लिए वह बदायूं में भी एलईडी लाइट की व्यवस्था करवाएंगे। श्री खन्ना ने सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने का सभी से सहयोग मांगा। कहा कि गंदगी की वजह से ही जानलेवा बीमारियां होतीं हैं। महीने के पहले शनिवार को वह स्वयं लखनऊ के चार वार्डों में स्वच्छता अभियान के तहत सफाई करते हैं। नाले-नालियों से कीचड़ निकालते हैं। बोले-उनका काम सफाई करना नहीं बल्कि लोगों को जागरूक करना है।
सभा में शहर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने सरकार की योजनाओं पर प्रकाश डाला। कहा कि सरकार समाज के हर वर्ग के उत्थान को काम कर रही है। 2022 तक भारत दुनिया में सबसे मजबूत देश होगा। हर नागरिक के पास अपना मकान होगा। इस मौके पर जिलाध्यक्ष हरीश शाक्य के अलावा विधायक राजीव कुमार, धर्मेंद्र शाक्य, आरके शर्मा के अलावा पूर्व विधायक अवनीश कुमार सिंह पप्पू भइया, प्रेमस्वरूप पाठक, जिला महामंत्री सुधीर श्रीवास्तव, जिला निकाय प्रभारी महाराज सिंह, अशोक भारती, राम गोपाल मिश्रा, सीमजा राठौर, दीपमाला गोयल, अंकित मौर्य, विश्वजीत गुप्ता, शारदेंदु पाठक आदि मौजूद रहे।