गोवंशीय पशुओं के अवशेष और पशु काटने के औजार मिले
कोतवाली पुलिस ने छापामारी कर घर में चल रहा बूचड़खाना रविवार को पकड़ लिया। मौके से एक मांस तस्कर को भी दबोचा गया। उसके दो साथी भागने में कामयाब हो गए। पुलिस ने यहां से गोवंशीय पशुओं का करीब पांच क्विंटल मांस बरामद किया है। मौके से गोवंशीय पशुओं के अवशेष और पशु काटने के औजार भी मिले हैं। पुलिस ने गोवध निवारण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है। परीक्षण के बाद बरामद मांस को नष्ट करा दिया गया।
सहसवान के कई मोहल्ले गोकशी के लिए बदनाम हैं। प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र कुमार यादव को रविवार को मुखबिर से खबर मिली कि मोहल्ला अकबराबाद में शमशुल पुत्र हसीब के घर में गोवंशीय पशुओं का वध किया जा रहा है। सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर ने फोर्स के साथ छापामारी की। पुलिस ने मौके से इमरान पुत्र भूरे निवासी मोहल्ला नसरुल्लागंज को रंगे हाथों दबोच लिया। घर में तलाशी लेने पर पुलिस को यहां से गोवंशीय पशुओं का करीब पांच क्विटल मांस मिला। पशु काटने के लिए इस्तेमाल होने वाली कुल्हाड़ी, छुरा आदि के साथ गोवंशीय पशुओं के अवशेष भी पुलिस ने बरामद किए हैं। मामले में गोवध निवारण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है।
------
पुलिस सख्त हुई तो घरों में काटने लगे पशु
सहसवान। कोतवाली पुलिस ने गोकशी को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। नगर में गोकशी के लिए बदनाम मोहल्लों में छापामारी की जा रही है। ऐसे में तमाम मांस तस्करों ने ठिकाने बदल दिए हैं। कई ने अपने घरों में ही पशुओं का वध कर मांस सप्लाई करने का काम शुरू कर दिया है।