- नाराज व्यापारियों ने किया पुलिस का घेराव
शहर के गोपी चौक के पास एक कपड़े की दुकान का शटर काटकर चोरों ने 30 हजार की नकदी सहित हजारों का सामान चोरी कर लिया। बुधवार की सुबह दुकान पर पहुंचे दुकानदार को शटर कटा देखकर चोरी की जानकारी हुई। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना सदर कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। दुकानदार की तहरीर पर पुलिस ने चोरी में रिपोर्ट दर्ज कर ली। आए दिन हो रही चोरियों से व्यापारी खफा नजर आए। उन्होंने पुलिस का घेराव कर जल्द से जल्द खुलासा करने की मांग की।
शहर के गोपी चौक के पास राहुल गुप्ता की कपड़ों की दुकान है। मंगलवार को रात में किसी समय चोरों ने दुकान का शटर काट लिया और अंदर घुस गए। चोरों ने गल्ले में रखी 30 हजार की नकदी समेत हजारों का कपड़ा आदि सामान चोरी कर लिया। इसकी जानकारी दुकानदार को सुबह दुकान पर पहुंचने पर हुई। बुधवार को सुबह दुकान पर पहुंचे दुकान मालिक राहुल गुप्ता ने शटर कटा देखा तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने इसकी जानकारी सदर कोतवाली पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मुआयना किया। इसी बीच कई व्यापारियों ने पुलिस का घेराव कर लिया और आए दिन हो रही चोरियों पर नाराजगी व्यक्त करने लगे। पुलिस ने जल्द ही खुलासे का आश्वासन देकर व्यापारियों को शांत कराया। इसके बाद दुकानदार राहुल गुप्ता की तहरीर पर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली।