पोस्टमार्टम में मौत की वजह नहीं हुई साफ, बिसरा प्रिजर्व
उझानी के गांव बसोमा से लापता हुए थे वीकेश
परिवार वालों ने नहीं लगाया किसी पर कोई आरोप
सात दिन से लापता बुजुर्ग वीकेश की लाश कोतवाली क्षेत्र के सकरी जंगल गांव के पास मक्का के खेत में मिली। बुजुर्ग मानसिक विक्षिप्त था। पोस्टमार्टम में मौत की वजह साफ नहीं हुई है। इसके चलते बिसरा प्रिजर्व किया गया है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव बसोमा निवासी वीकेश (70) पुत्र गिरधारी 27 अप्रैल को अपने घर से निकले थे। इसके बाद वह वापस नहीं लौटे। काफी तलाश के बाद भी जब उनके बारे में पता नहीं लगा तो परिवार की ओर से उझानी कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। मंगलवार को पुलिस को खबर मिली कि सकरी जंगल गांव में सर्वेश के मक्का के खेत में बुजुर्ग की लाश पड़ी है। खबर मिलने पर पहुंची पुलिस ने शिनाख्त कराई तो पता लगा कि शव वीकेश का है। परिवार वालों को खबर दी गई तो वह भी आ गए। उन्होंने शव की पहचान कर ली।
मृतक के परिवार वालों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। उनका कहना है कि वीकेश मानसिक रूप से विक्षिप्त थे। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार वालों के सुपुर्द कर दिया। पोस्टमार्टम में मौत की वजह साफ नहीं हो सकी है। बिसरा प्रिजर्व किया गया है।