हाईवे पर दादा के साथ टहलने निकले सात साल के बालक को तेज गति से आ रहे ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बालक की मौत हो गई। सड़क किनारे मौजूद लोगों ने ट्रक को भागते हुए देखा तो घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। लोगों ने चालक को ट्रक से उतारकर उसकी जमकर धुनाई की। इसके बाद भी लोगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। उन्होंने हाईवे पर बालक का शव रखकर जाम लगा दिया। घंटों जूझकर पुलिस फोर्स जाम खुलवा पाया। वहीं, एक निजी अस्पताल में भर्ती पिटाई से चोट खाए चालक की हालत गंभीर बताई गई है। शनिवार सुबह करीब छह बजे कस्बे के वार्ड संख्या आठ में रहने वाले राशिद अपने सात वर्षीय नाती भूरे के साथ फर्रुखाबाद-शाहजहांपुर हाईवे पर टहलने के लिए निकले थे। कस्बे के मुख्य चौराहे पर टेलीफोन एक्सचेंज के पास भूरे पेशाब करने के लिए खड़े हो गए। इस दौरान बदायूं की तरफ से तेज गति से आ रहे एक ट्रक ने भूरे को अपनी चपेट में ले लिया। ट्रक की चपेट में आने पर भूरे की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद हाईवे किनारे खड़े लोगों ने घेराबंदी कर ट्रक को पकड़ लिया और चालक की जमकर धुनाई कर दी। थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना देने के आधे घंटे बाद पहुंची थाना पुलिस को देखकर लोग और बालक के परिवार वाले उग्र हो गए और शव को हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया। बाद में एसओ अलापुर हरेंद्र कुमार तोमर पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुुंचे और हालात पर काबू पाया गया। उन्होंने बालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया जबकि पिटाई से घायल हुए चालक को इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर करवाया। वहां से उसको इलाज के लिए निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया है। मृत बालक के दादा राशिद की तहरीर पर पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज कर ली है।