-बाइक को खटेटा चौराहे पर ट्रक ने रौंद दिया
-फैजगंज बेहटा थाने के खेड़ादासपुर के हैं छात्र
थाना फैजगंज बेहटा के गांव खेड़ादासपुर के दो छात्रों की चंदौसी में हुए सड़क हादसे में शनिवार को मौत हो गई। एक छात्र घायल हुआ है। हादसा चंदौसी के खटेटा चौराहे के पास हुआ। तीनों बीए प्रथम वर्ष के छात्र थे। हादसे की खबर मिलने पर इनके परिवार के लोग चंदौसी रवाना हो गए हैं।
बदायूं के थाना फैजगंज बेहटा के गांव खेड़ादासपुर के लीलाधर का 19 वर्षीय बेटा पोथीराम, बेनाम सिंह का बेटा चंद्र प्रकाश पड़ोसी संभल जिले के बिलारी स्थित ग्रामोध्य महाविद्यालय में बीए प्रथम वर्ष के छात्र थे। इसी कॉलेज में पोथीराम का फुफेरा भाई बरेली के आंवला निवासी दिनेश पुत्र रामपाल भी बीए का छात्र है। शनिवार को तीनों छात्र बाइक से बिलारी के लिए निकले। इन तीनों को वहां परीक्षा के दौरान रहने के लिए कमरा देखना था। बाइक चंद्रप्रकाश चला रहा था। चंदौसी में खटेटा चौराहे के पास इनकी बाइक को ट्रक ने रौंद दिया। हादसे में पोथीराम और चंद्रप्रकाश की मौके पर मौत हो गई और दिनेश गंभीर घायल हो गया। हादसे की खबर जब खेड़ादासपुर पहुंची तो गांव में मातम छा गया। खबर मिलने पर पोथीराम और चंद्रप्रकाश के परिवार वाले चंदौसी रवाना हो गए। घायल दिनेश को गंभीर हालत में मुरादाबाद रेफर किया गया है। दो होनहार छात्रों की मौत से गांव में मातम छा गया है। गौर करने वाली बात यह है कि पोथीराम और बेनाम सिंह के परिवार में कोई भी ज्यादा पढ़ा-लिखा नहीं है।