बच्ची के द्वारा बनाई गई पेंटिंग
- फोटो : mirror
पड़ोसी युवक ने घर में घुसकर 10 साल की बच्ची से दुष्कर्म की कोशिश की। बच्ची के चीखने पर घरवाले जागे इससे पहले आरोपी फरार हो गया लेकिन पुलिस ने घटना की रिपोर्ट छेड़छाड़ की धाराओं में दर्ज की है। कुवरगांव थाना क्षेत्र में रहने वाली 10 वर्षीय एक बच्ची और उसकी मां शनिवार रात घर के अलग-अलग कमरे में चारपाई पर सो रही थीं। आरोप है कि रात करीब एक बजे उनके पड़ोस में रहने वाला जसवीर दीवार कूदकर घर में घुसा और चारपाई पर बच्ची को दबोचकर दुष्कर्म करने की कोशिश करने लगा। इससे घबराई बच्ची चीखने लगी, तभी उसकी मां की आंख खुल गई। वह जसवीर को पकड़ पाती इससे पहले वह भाग गया। शोर सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए। रविवार सुबह परिवारीजन बच्ची को लेकर कुंवरगांव थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ तहरीर दी लेकिन पुलिस ने छेड़छाड़ की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। कुवरगांव एसओ धर्मेंद्र का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। बच्ची को मेडिकल के लिए भेजा है। आरोपी जसवीर को पकड़ने के लिए पुलिस दबिश दे रही है।