कहासुनी पर कहर, बूढ़ा बख्शा न बच्चे
गलियारे में नाली को लेकर कहासुनी के बाद एक परिवार के लोग पड़ोसी पर लाठी-डंडे लेकर टूट पड़े। हमलावरों ने पड़ोसी के वृद्घ और बच्चों को भी नहीं बख्शा। उन्हें लहूलुहान कर डाला। यहीं नहीं, बाकी बची कसर पुलिस ने पूरी कर दी। घायल बच्चों, बूढे़ बाप के साथ युवक कोतवाली पहुंचा तो पुलिस ने आरोपियों में से एक को बुलाकर उसे हवालात में डाल दिया।
दबंगई का मामला कोतवाली क्षेत्र के गांव रियोनइया का है। सोमवार गांव का 70 वर्षीय फतेह सिंह गलियारे में नाली साफ करने लगा। आरोप है कि नाली को लेकर फतेह सिंह और उजागर सिंह में कहासुनी हो गई। कहासुनी की भनक लगते ही मौके पर पहुंचे उजागर के बेटों ने फतेह सिंह को धक्का मार दिया। औंधे मुंह गिरे फतेह सिंह को उठाने के लिए उसका नाती 12 वर्षीय सोमवीर और आठ साल की नातिन नारायनी बढ़ी तो हमलावरों ने दोनों पर लाठी-डंडों से प्रहार कर दिए। दोनों बच्चे लहूलुहान हो गए। दोनों बच्चों के सिर फूट गए।
पिता और बच्चों की पिटाई की सूचना के बाद प्रेमपाल मौके पर पहुंचा लेकिन तब तक हमलावर निकल चुके थे। प्रेमपाल घायल बूढे़ बाप और बच्चों को लेकर कोतवाली आया तो पुलिस ने उसी को कोतवाली में बैठा लिया। हालांकि पुलिस ने सोमवीर और नारायनी का मेडिकल जरुर कराया लेकिन शिकायत पर आरोपी पक्ष के एक व्यक्ति को भी बुला लिया। बाद में दोनों को हवालात में डाल दिया गया। घायल बच्चों का कहना है कि पुलिस ने उसके बाप को नेता के दबाव में बंद कर दिया है। इधर, कोतवाल गोपीचंद्र यादव ने बताया कि झगड़ा दोनों पक्ष में हुआ है, इसलिए शांति भंग करने की कार्रवाई कर दी गई है।