उसावां थाने के गांव करौरी में गुरुवार रात हुआ हादसा
परिवार वालों ने बिना पोस्टमार्टम कराए कर दिया अंतिम संस्कार
बसपा विधायक सिनोद शाक्य ने घर पहुंचकर दी सांत्वना
थाना क्षेत्र के गांव करौरी में गुरुवार रात बिजली लाइन की चपेट में आकर सफाई कर्मचारी सेवाराम की मौत हो गई। परिवार वालों ने बिना पुलिस को सूचना दिए और पोस्टमार्टम कराए अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक के परिवार में कोहराम मचा है। दातागंज के बसपा विधायक सिनोद शाक्य ने सेवाराम के घर पहुंच कर ढांढस बंधाया।
गांव करौरी निवासी सेवाराम (35) पुत्र नेकसू सफाई कर्मचारी था। गुरुवार को वह दावत खाने गौंतरा गांव गया था। रात में करीब 10 बजे बाइक से अपने घर पहुंचा। बाइक खड़ी करने के बाद वह आगे बढ़ा तभी बिजली का एक तार टूट कर गिर गया। टूटकर गिरे तार में सेवाराम उलझ गया। चीखने चिल्लाने पर सेवाराम का भाई रमेश चंद्र, पत्नी लक्ष्मी परिवार समेत घर से निकल आए। परिजनों ने किसी तरह लाठी-डंडों से बिजली की तार हटाया। गंभीर हालत में परिवार वाले सेवाराम को इलाज के लिए ले जा रहे थे। उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
घटना के बारे में थाना पुलिस को कोई सूचना दिए बिना ही सेवाराम का अंतिम संस्कार कर दिया गया। मृतक के दो बेटियां और दो बेटे हैं। घटना के बाद पूरा परिवार बदहवास है। शुक्रवार को दातागंज के बसपा विधायक सिनोद शाक्य ने करौरी पहुंच कर सेवाराम के परिवार को ढांढस बंधाया।