साथ पढ़ने वाली लड़कियों और उनकी परिचितों को गुमराह कर सेलफोन से फोटो खींचने फिर उन्हें ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। एक छात्रा के घरवालों ने शुक्रवार को कोतवाली में इसकी शिकायत की और कोतवाल को आरोपी युवक के वे दोनों सेलफोन भी सौंपे, जो घर पर हंगामे के दौरान उन्होंने युवक से छीने थे। पुलिस ने पूरे मामले की तहकीकात शुरू कर दी है।
करीब आठ-नौ दिन पुराने मामले की तहरीर पर गौर करें तो एक स्वास्थ्य कर्मी का बेटा बदायूं के एक प्रतिष्ठित स्कूल में इंटर का छात्र है। यहां की कुछेक लड़कियां भी उसी स्कूल में पढ़ती हैं। इनमें से एक छात्रा के पिता ने बताया कि पिछले कई दिनों से वह लड़का उनकी बेटी से अश्लील हरकतें कर रहा था। 10 अक्तूबर को आरोपी युवक अपने दोस्त के साथ उसके घर पर आ धमका। उसकी बेटी को दरवाजे पर बुलाकर हंगामा करने लगा। घरवालों ने आरोपी को घेर लिया। उसके दो सेलफोन भी छीन लिए गए। सेलफोन की फोटो गैलरी देखने के बाद छात्रा के घरवालों ने आडियो सुना तो दंग रह गए। फोटो गैलरी में कई लड़कियों के नग्न तो कुछ के अर्द्धनग्न फोटो थे। आडियो में बातचीत से साफ है कि आरोपी युवक का दोस्त एक छात्रा को उसके बारे में तमाम तरह की बातें बताकर ब्लैकमेल करने का प्रयास कर रहा है। छात्रा के पिता का कहना है कि पुलिस आरोपी युवक और उसके दोस्त को हिरासत में लेकर पूछताछ करे, तो कुछ और लड़कियों को गुमराह किए जाने की बात सामने आ जाएगी। पुलिस ने हालांकि अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की है, लेकिन तहकीकात शुरू कर दी गई है।
प्रभारी निरीक्षक देवराज राठी ने बताया कि मामला बृहस्पतिवार को सामने आया था। शुक्रवार को एक छात्रा के पिता ने तहरीर भी दी है। वह इलेक्शन ड्यूटी पर हैं, फिर भी जांच कराई जा रही है। दो सेलफोन भी उन्हें सौंपे गए थे, लेकिन उनमें कुछ खास नहीं मिला। जांच के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।