चर्चित कटरा सआदतगंज कांड में सीबीआई और वादी पक्ष के वकील के बीच बहस पूरी हो गई है। स्पेशज जज पाक्सो एक्ट वीरेंद्र पांडेय ने फैसले की तारीख 28 अक्तूबर मुकर्रर की है। शुक्रवार को बहस में सीबीआई के वकील कुमार रजत और वादी पक्ष के वकील ज्ञान सिंह, एचएस नकवी ने हिस्सा लिया।
कटरा सआदतगंज कांड में जांच कर रही सीबीआई ने 11 दिसंबर 2014 को क्लोजर रिपोर्ट लगा दी थी। वादी पक्ष ने 19 फरवरी को प्रोटेस्ट दाखिल कर क्लोजर रिपोर्ट को चुनौती दी। वादी के वकील ने प्रोटेस्ट के समर्थन में पक्ष रखने को उन सभी साक्ष्यों की नकल मांगी थीं जिनके आधार पर क्लोजर रिपोर्ट दी गई। हाईकोर्ट के आदेश पर सीबीआई ने 21 अगस्त 2015 को सभी साक्ष्यों की नकलें वादी को दे दीं। सात सितंबर को दोनों पक्षों के बीच चार घंटे की मैराथन बहस हुई। बहस पूरी होने के बाद का स्पेशल जज ने फैसला 18 सितंबर तक सुरक्षित रख लिया था। फैसला आने से पहले कोर्ट से सीबीआई ने पुन: बहस की अनुमति मांगी।
छह अक्तूबर को फिर से दोनों पक्षों में बहस हुई। बहस पूरी नहीं हो सकी तो कोर्ट ने 16 अक्तूबर निर्धारित कर दी। शुक्रवार को सीबीआई और वादी पक्ष के बीच बहस पूरी हो गई। इसके बाद कोर्ट ने फैसले की तारीख 28 अक्तूबर निर्धारित कर दी है। इस दिन साफ हो जाएगा कि कोर्ट क्लोजर रिपोर्ट को खारिज करता है या फिर वादी पक्ष के प्रोटेस्ट को।