देसी शराब बनाने के धंधे में होनी थी इस्तेमाल
कादरचौक पुलिस ने कटरी से जुड़े गांव बमनौसी में दबिश देकर देशी शराब बनाने के धंधे में एल्कोहल के इस्तेमाल का भंडाफोड़ कर दिया। करीब दो सौ लीटर एल्कोहल पकड़ा गया लेकिन दोनों धंधेबाज पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए।
मामला शुक्रवार दोपहर का है। आबकारी ग्रुप के कारिंदों की सूचना पर भदरौल चौकी इंचार्ज नवी हसन ने पुलिस फोर्स के साथ बमनौसी निवासी एक घर में दबिश दी। पुलिस को देख दो लोग भाग गए लेकिन घर में रखा करीब दो सौ लीटर एल्कोहल पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने एल्कोहल को लेकर आसपास के ग्रामीणों के से भी धंधेबाजों के बारे में पूछताछ की। ग्रामीणों ने पुलिस कर्मियों को बताया कि बमनौसी में एल्कोहल से देशी शराब बनाने का धंधे कई दिनों से चल रहा है।
सूत्रों की मानें तो पकड़े गए दो सौ लीटर एल्कोहल के जरिए करीब सात-आठ सौ लीटर देशी शराब को बनाया जा सकता है। कुछेक धंधेबाज गन्ने से बने लहन में भी एल्कोहल मिलाकर उसकी डिग्री बढ़ाने का काम करते हैं। देहात क्षेत्र में एल्कोहल से बनी शराब को नशे के शौकीन भले पसंद करते हों लेकिन मिलावट को कोई अनुपात नहीं होने से यह जानलेवा भी साबित हो सकता है। बता दें कि कटरी से जुडे़ कई गांवों में कच्ची शराब का धंधा भी जोरों पर चल रहा है। पिछले महीना भी ऐसा ही एक मामला पकड़ में आया था।