125 लीटर शराब भी बरामद, हजारों लीटर लहन किया नष्ट
कोतवाली पुलिस ने गांव बिरियाडांडा में छापा मारकर तीन अवैध शराब की भट्ठियां समेत तीन लोगों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। जिनके कब्जे से 125 लीटर शराब बरामद की है। कई उपकरण भी मिले हैं। हजारों लीटर लहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई के अवैध शराब के कारोबारियों में खलबली मची है।
क्षेत्र के कई गांवों में अवैध शराब का धंधा बड़े पैमाने पर चल रहा है। एटा जिले में अवैध शराब पीने से पिछले दिनों कई लोगों की मौत हो जाने के बाद पुलिस और आबकारी महकमा जागा। तब आनन-फानन में कई गांवों में छापे मारे थे। इसी क्रम में रविवार को कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गांव बिरियाडांडा में अरिल नदी के किनारे छापा मारकर पप्पू, प्रकाश पुत्रगण नेकसू और राजीव पुत्र भीकम को शराब बनाते समय रंगे हाथों पकड़ लिया। पुलिस ने बताया कि इनके कब्जे से 125 लीटर शराब भी बरामद की गई है। मौके पर मिले हजारों लीटर लहन को नष्ट कर दिया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पुलिस ने कहा कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान निरंतर चलता रहेगा। इधर, पुलिस के छापामार अभियान से गांव बिरियाडांडा में अवैध शराब के कारोबारियों में खलबली मची है।