शराब पीकर घर लौटने पर हुई मौत, पोस्टमार्टम में साफ नहीं हुई मौत की वजह
लिलवां गांव निवासी सुरेंद्र जाटव (35) पुत्र हरपाल बुधवार रात घर से निकले थे। सुरेंद्र की पत्नी मंजू देवी का कहना है कि देर रात वह नशे की हालत में घर लौटे। सीने में दर्द की शिकायत की और कुछ ही देर में दम तोड़ दिया। मंजू का आरोप है कि उनके पति की शराब में जहरीला पदार्थ देकर हत्या कर दी गई है। रात में ही खबर मिलने पर पुलिस गांव पहुंच गई। गुरुवार को मंजू ने तहरीर दी। हालांकि, तहरीर में किसी को नामजद नहीं किया गया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम में मौत की वजह साफ नहीं हुई है। सुरेंद्र के तीन बेटियां हैं। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिवार वालों के सुपुर्द कर दिया। फिलहाल पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी हुई है। एसओ उसहैत, कमलेश सिंह ने कहा कि मृतक की पत्नी के कहने पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम में मौत की वजह साफ नहीं हुई है। बिसरा विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। हालांकि मृतक की पत्नी ने किसी विशेष व्यक्ति पर हत्या का आरोप नहीं लगाया है, हमारी पड़ताल जारी है।