शादी समारोह में शामिल होने गया था पूरा परिवार
चोरों ने शहर की प्रेम नगर कॉलोनी स्थित एक घर से शुक्रवार रात हाथ साफ कर दिया। चोर यहां से 1.50 लाख रुपये की नकदी समेत लाखों रुपये का माल समेट कर ले गए। परिवारवाले एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। वापस आने पर परिवारवालों को चोरी के बारे में पता लगा। सिविल लाइंस थाने में तहरीर दी गई है।
शहर की प्रेमनगर कॉलोनी निवासी सत्यपाल सिंह यादव शुक्रवार को एक शादी समारोह में अपने परिवार के साथ गए हुए थे। रात में मौका पाकर चोर ताले तोड़कर इनके घर में घुस गए। इसके बाद चोरों ने पूरा घर इत्मिनान से खंगाला। चोरों ने यहां से 1.50 लाख रुपये, जेवर और कीमती सामान समेत लाखों रुपये का माल साफ कर दिया। शनिवार को जब सत्यपाल सिंह घर पहुंचे तो उनको चोरी के बारे में पता लगा। उन्होंने सूचना सिविल लाइंस पुलिस को दी। पुलिस ने मौका मुआयना किया। रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दे दी गई है।
आवास विकास में महिला से जेवर और नकदी लूटी
बदायूं। शहर की आवास विकास कॉलोनी में दो बदमाशों ने राजकीय डिग्री कॉलेज के पास महिला से सरेशाम नकदी और जेवर लूट लिए। खबर मिलने पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया। रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी गई है।
आवास विकास निवासी वैभव उपाध्याय की मां माधुरी उपाध्याय शनिवार शाम कॉलोनी में ही आयोजित एक महिला संगीत के कार्यक्रम में जा रही थीं। राजकीय डिग्री कॉलेज के पास उनको दो बदमाशों ने रोका और उनसे शिक्षक दीपक सक्सेना का घर पूंछा। इसके बाद उनसे तीन तोला सोने की चेन, सोने के कुंडल, मोबाइल और पर्स लूट कर भाग गए। माधुरी सक्सेना ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए सिविल लाइंस थाने में तहरीर दी है।