लाश पुलिस के कब्जे में, आरोपी सास-ससुर समेत चार लोग हिरासत में
कोतवाली क्षेत्र के गांव धरेली में दहेज में बाइक न मिलने पर एक विवाहिता को मार दिया गया। उसके गले पर चोट के निशान हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाश को कब्जे में लेने के साथ ही आरोपी सास-ससुर समेत चार लोगों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना कादरचौक क्षेत्र के गांव कचौरा निवासी हेमपाल ने अपनी बहन सरिता (20) की शादी गांव धरेली निवासी नन्हू पुत्र राजकुमार के साथ की थी। आरोप है कि दहेज में बाइक न मिलने पर सरिता को ससुराल वाले तरह-तरह से प्रताड़ित करते थे। इसे लेकर गांव में कई बार पंचायत भी हुई। आज इसी मामले को लेकर घर में कलह हुई। तभी गुस्से में आकर सास, ससुर, पति और जेठानी, ननद आदि ने सरिता को मार दिया। किसी ने इसकी सूचना मृतका के मायके वालों को दी। वह कुछ ही समय में धरेली पहुंच गए। उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस भी मौके पर आ गई और उसने लाश को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने गांव वालों से घटना के बारे में जानकारी की मगर कोई कुछ नहीं बता सका। पुलिस ने मौके पर मिले ससुर राजकुमार के अलावा सास, तहेरे ससुर समेत चार लोगों को हिरासत में ले लिया। कोतवाल ललित कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले की छानबीन की जाएगी।
दूसरे घर में क्यों की आगजनी तोड़फोड़ और मारपीट
दातागंज। गांव धरेली में दहेज की खातिर मारी गई सरिता के मायके वालों ने गांव में ही बंटू सिंह पुत्र प्रेमपाल सिंह के घर पर धावा बोल दिया। आरोप है कि हमलावरों ने बंटू के घर में मारपीट के साथ ही आगजनी और तोड़फोड़ की। बंटू के घर में क्यों हमला हुआ इस बारे में कोई कुछ नहीं बता सका। पुलिस ने ऐसी जानकारी होने से इंकार किया है।