आलू व्यापारी अमित अग्रवाल के नौकर से पांच लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने एटा जिले से दो युवकों को हिरासत में लिया है। उनसे रविवार को पूछताछ भी की गई।
पांच लाख रुपये की लूट में शामिल बदमाशों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी कोतवाली पुलिस अब तक पांच युवकों को हिरासत में ले चुकी है। शनिवार रात हिरासत में लिए गए एटा जिले के दोनों युवकों से पूछताछ भी की गई लेकिन उनसे कोई खास क्लू नहीं मिल पाया है। इससे पहले कासगंज के तीन संदिग्ध युवकों को पुलिस हिरासत में ले चुकी है।
बता दें कि आठ जनवरी को कोतवाली के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने आलू व्यापारी अमित अग्रवाल के नौकर सुल्तान से पांच लाख रुपये लूट लिए थे। शनिवार को गल्ला व्यापारियों ने मंडी गेट पर जाम लगाकर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन भी किया था। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को दो दिन के अंदर वर्कआउट का भरोसा दिलाया था।