नकाबपोश बदमाशों ने एक घर में घुसकर असलहों के बल पर एक लाख का माल, जेवर लूट लिया। करीब घंटे भर लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद बेखौफ बदमाश घरवालों को कमरे में बंद कर फरार हो गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। वारदात थाना जरीफनगर के गांव कादराबाद में गुरुवार की रात हुई।
थाना जरीफनगर के गांव कादराबाद निवासी महेश गुरुवार की रात अपने मकान में घरवालों के साथ सोए थे। रात में करीब 12 बजे कई नकाबपोश बदमाश दीवार कूद कर घर में घुस आए। महेश के मुताबिक बदमाशों ने सबसे पहले उनके कमरे का बाहर से कुंडा बंद कर दिया। इसके बाद बदमाशों ने बाहर बरामदे में सो रहीं उनकी बहनों आरती और रानी को गन प्वाइंट पर लेकर शोर न मचाने की धमकी दी। कुछ बदमाशों ने लूटपाट शुरू कर दी। अलमारी और संदूक से डेढ़ तोला सोने के जेवर, आधा किलो चांदी के जेवर और 25 हजार रुपये लूट लिए। करीब घंटे भर लूटपाट करने के बाद बदमाश एक-एक कर मकान से बाहर निकल गए। महेश ने बताया कि पड़ोस में रह रहे चाचा भोले गिरि की अचानक आंख खुल गई। भोले ने बदमाशों को टोका तो वह फायर करते हुए भाग गए।
तमंचा दिखाकर धमकाते रहे बदमाश
जरीफनगर। महेश की बहनों आरती और रानी ने बताया कि जब तक बदमाश उनके ऊपर तमंचे ताने रहे तब तक उनकी सांस गले में ही अटकी रही। बदमाश कमरों में कीमती सामान खंगालते रहे। महेश की पत्नी ममता का कहना था कि बदमाशों ने उन्हें और उनके पति को तो कमरे में बंद कर दिया था, लेकिन उन्हें बाहर सो रही दोनों ननद की चिंता सताती रही।
पुलिस नहीं करती गश्त, ग्रामीणों में दहशत
जरीफनगर। सर्दी का मौसम है। पुलिस गश्त के नाम पर औपचारिकता करती है। वह तो गनीमत है कि गांव में चौकीदारों का सहारा है। फिर भी पुलिस के आला अधिकारी गंभीरता दिखाते हुए गांव में गश्त तेज कराने की पहल करें। ताकि ग्रामीणों को सुरक्षा का अहसास हो सके। यह कहना है लूट के पीड़ित महेश और उनके गांव वालों का।