लोग देखते रहे तमाशा, दूसरे सिपाहियों ने कराया मामला शांत
रोडवेज के पास लावेला चौक पर लगे जाम में फंसे युवक की बाइक और बाद में उसके डंडा मारने पर सिपाही से विवाद काफी बढ़ गया। युवक ने भी सिपाही से हाथापाई की। किसी तरह दूसरे सिपाहियों ने हस्तक्षेप कर मामले को शांत कराया। इस विवाद से जाम और भी काफी देर तक लगा रहा जिसके चलते लोगों को दिक्कतों का सामना भी करना पड़ा।
लावेला चौक पर लगभग रोजाना ही जाम लगता है। गुरुवार की दोपहर करीब 2.45 बजे जाम लग गया। जिसके चलते चौक के चारों ओर वाहनों की लाइनें लग गईं। जाम को खुलवाने के लिए रोडवेज चौकी पर तैनात सिपाही आ गए। एक सिपाही ने जाम में फंसे वाहनों पर डंडा बरसाना शुरु कर दिया। बाइक पर सवार युवक के डंडा लग गया। उसने विरोध जताया तो सिपाही ने पुलिसिया अंदाज में हड़काना शुरू कर दिया। इस पर युवक की सिपाही से हाथापाई हो गई। यह देख तमाम लोग जमा हो गए।
चौकी के कुछ सिपाही भी मौके पर आ गए। सिपाहियों ने युवक को समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया। करीब 20 मिनट तक युवक और सिपाही में विवाद चलता रहा। जिसकी वजह से जाम में फंसे लोगों को और भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। युवक का आरोप था कि सिपाही ने उससे अशिष्टता की। प्रत्यक्षदर्शी बताते हैं कि सिपाही ने और भी कई लोगों के डंडा मारा था, लेकिन उन लोगों ने उससे कुछ नहीं कहा और वह निकल गए।